मुंबई। अभिनेत्री आकांक्षा रंजन और फिल्ममेकर शरण शर्मा अब शादी के बंधन में बंध गए हैं। कपल ने 11 जुलाई की देर रात रजिस्टर्ड मैरिज की, जिसमें बॉलीवुड के कई सितारे और दोनों के करीबी दोस्त व परिवार के सदस्य शामिल हुए। शादी के बाद आकांक्षा ने सोशल मीडिया पर अपनी खूबसूरत तस्वीरें साझा कर फैंस के साथ अपनी खुशी जाहिर की। आकांक्षा रंजन ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के गाने की लाइन लिखी— “तू ना तो घर घर नहीं लगता, तू है तो डर नहीं लगता…”। इसके साथ उन्होंने इनफिनिटी सिंबल भी शेयर किया, जो उनके और शरण के रिश्ते की हमेशा साथ रहने वाली भावना को दर्शाता है।
शादी की तस्वीरों में आकांक्षा बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने गोल्डन वर्क वाली लाल साड़ी पहनी थी, जिसके साथ हैवी ब्राइडल ज्वेलरी, चूड़ा और कलीरे उनके लुक को और खास बना रहे थे। हाथों में लगी मेहंदी ने उनके ब्राइडल लुक को पूरा किया। वहीं शरण शर्मा ने एंब्रॉयडरी वाली जैकेट के साथ सफेद कुर्ता-पायजामा पहना था। तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। कपल की सादगी भरी शादी की तस्वीरों को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
बता दें कि आकांक्षा रंजन ने अपने अभिनय करियर में फिल्म ‘गिल्टी’ और ‘जिगरा’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वह अभिनेत्री आलिया भट्ट की करीबी दोस्त भी हैं और उनकी प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में भी शामिल हुई थीं। वहीं शरण शर्मा बतौर निर्देशक ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। शादी के बाद यह कपल 12 जुलाई को मुंबई में एक शानदार रिसेप्शन भी आयोजित करेगा।

