नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को भले ही 56 रनों से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मैच ने अभिषेक शर्मा के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज करा दी। मैदान पर कदम रखते ही भारतीय बल्लेबाज ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो अब तक किसी खिलाड़ी के नाम नहीं था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 258 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में टीम इंडिया 201 रन ही बना सकी। हालांकि, हार के बावजूद अभिषेक शर्मा की उपलब्धि चर्चा का विषय बन गई।
अभिषेक अब बिना टेस्ट और वनडे खेले टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला उनका 53वां टी20 इंटरनेशनल मैच था। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री के नाम था, जिन्होंने बिना दूसरे फॉर्मेट में खेले 52 टी20 मैच खेले थे। बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने 53 मैचों में 32 से ज्यादा की औसत और करीब 190 के स्ट्राइक रेट से 1600 से अधिक रन बनाए हैं। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में दो शतक भी दर्ज हैं। अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी और लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया के शीर्ष टी20 बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।
