वेट्जलर। भारत के युवा स्प्रिंटर अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स से पहले अपनी शानदार फॉर्म का परिचय देते हुए 100 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड बना दिया है। ओडिशा के इस धावक ने प्यूमा फास्ट आर्म्स फास्ट लेग्स 2026 मीट में पुरुषों की 100 मीटर फाइनल रेस को 10.14 सेकंड में पूरा कर नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि के साथ अनिमेष विदेशी धरती पर 100 मीटर दौड़ में सबसे तेज समय निकालने वाले भारतीय एथलीट बन गए हैं। वह अब भारत के सबसे तेज धावकों की सूची में शामिल हो चुके हैं। उनसे आगे केवल गुरिंदरवीर सिंह हैं, जिनके नाम 10.09 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। अनिमेष ने प्रतियोगिता की शुरुआत भी शानदार की थी। उन्होंने हीट रेस में 10.19 सेकंड का समय निकालकर फाइनल में जगह बनाई और फिर फाइनल में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए 10.14 सेकंड का समय दर्ज किया।
200 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष अब 100 मीटर में भी भारत की बड़ी उम्मीद बन चुके हैं। इससे पहले वह एशियन गेम्स के लिए 200 मीटर स्पर्धा में क्वालीफाई कर चुके हैं। कोच मार्टिन ओवेन्स के मुताबिक टीम का लक्ष्य सिर्फ समय नहीं बल्कि बड़े टूर्नामेंट के लिए बेहतर तैयारी करना है। अनिमेष का बढ़ता प्रदर्शन उन्हें एशियन गेम्स में भारत के प्रमुख स्प्रिंट दावेदारों में शामिल करता है।
