मुर्गा चोरी के शक में मजदूर की बेरहमी से पिटाई, पोल्ट्री फार्म संचालक, मैनेजर और मुंशी पर केस दर्ज

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के बेलगहना टोला स्थित एक पोल्ट्री फार्म में मुर्गा चोरी के शक में मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पोल्ट्री फार्म संचालक, मैनेजर और मुंशी ने मजदूर की डंडे, चप्पलों और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम बीड़ निवासी युवक दिसंबर 2025 से गौरेला के मोनू पोल्ट्री फार्म में मजदूरी कर रहा था। घटना वाले दिन उसने फार्म में पहले से काम कर रहे मनोज यादव से 1 किलो 900 ग्राम मुर्गा लिया था। इसी दौरान पोल्ट्री फार्म संचालक मोनू वहां पहुंचा और युवक पर मुर्गा चोरी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने डंडे और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद संचालक ने मैनेजर सुहेल खान और मुंशी चिंटू को बुलाया। दोनों ने भी पहुंचते ही युवक के साथ हाथ-मुक्कों और चप्पलों से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और पीठ पर चोटें आईं।

मारपीट की आवाज सुनकर अनूपपुर के बलराम सिंह और मुकेश सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी डंडों, ईंट और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण भी घायल हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने आरोपी मोनू, सुहेल खान और चिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।