रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय एवं शत-प्रतिशत अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक संवर्ग के लिए राहत भरा निर्णय सामने आया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को शिक्षा सत्र 2026-27 के अंत तक पुनर्नियुक्ति प्रदान करने की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय के प्रस्ताव पर शासन द्वारा इस निर्णय को मंजूरी दी गई है। आदेश के तहत सहायक शिक्षक से लेकर प्राचार्य तक सभी पात्र शिक्षक संवर्ग को निर्धारित अवधि तक पुनर्नियुक्ति दी जाएगी।
जारी आदेश में लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को निर्देशित किया गया है कि वह पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र शिक्षकों को पुनर्नियुक्ति प्रदान करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करें। इस निर्णय से राज्य के शासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था की निरंतरता बनी रहेगी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी।
