पाकिस्तान में ड्रोन स्ट्राइक से बढ़ा तनाव, तालिबान ने आईएसआईएस ठिकानों को बनाया निशाना

Follow Us

काबुल/इस्लामाबाद। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। पाकिस्तान द्वारा हाल ही में अफगानिस्तान के कुछ इलाकों में की गई हवाई कार्रवाई के बाद तालिबान प्रशासन ने जवाबी ड्रोन ऑपरेशन करने का दावा किया है। अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान क्षेत्र में मौजूद इस्लामिक स्टेट-खोरासान (ISIS-K) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। तालिबान का कहना है कि, यह कार्रवाई सीमा पार सक्रिय आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से की गई। अफगान मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ड्रोन हमलों में कई संदिग्ध ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान का कहना है कि, प्रभावित स्थानों में से एक इमारत एक स्कूल थी, जहां अफगानिस्तान की पूर्व सुरक्षा बलों से जुड़े कुछ लोग रह रहे थे। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। इस मामले में दोनों देशों के दावे अलग-अलग हैं और स्थिति को लेकर आधिकारिक स्तर पर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। गौरतलब है कि, कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। मौजूदा घटनाक्रम ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों पक्षों के बीच कूटनीतिक संवाद नहीं बढ़ा, तो सीमा क्षेत्र में हालात और गंभीर हो सकते हैं।