कोरबा। शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार बंद था। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दुकान मालिक भी मौके पर पहुंच गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई और अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे पास की अन्य दुकानों तक आग नहीं फैली और बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है और दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

