अंशुला कपूर का पंजाबी ब्राइडल लुक वायरल, फुलकारी दुपट्टे के साथ पहना बनारसी लहंगा

Follow Us

मुंबई। अंशुला कपूर और उनके मंगेतर रोहन ठक्कर के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की शुरुआत हो चुकी है। हाल ही में आयोजित ‘माता की चौकी’ समारोह की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अंशुला के खूबसूरत ट्रेडिशनल ब्राइडल लुक की हो रही है। इस खास अवसर पर अंशुला ने डिज़ाइनर लेबल Itrh का कस्टम-मेड बनारसी सिल्क टिश्यू ब्रोकेड लहंगा पहना। लहंगे पर घुंघरू, पोल्की, मिरर वर्क, ज़री और ज़रदोज़ी की बारीक कारीगरी की गई थी, जिसने उनके लुक को शाही अंदाज दिया।

लहंगे के साथ उन्होंने हाई-नेक ब्लाउज़ पहना, जिस पर एंटीक गोल्ड थ्रेड, मोती, गोटा और पोल्की वर्क किया गया था। पारंपरिक कढ़ाई तकनीकों और आधुनिक डिज़ाइन का यह खूबसूरत मेल सभी का ध्यान खींच रहा है। अंशुला के लुक का सबसे खास हिस्सा उनका रंग-बिरंगा फुलकारी दुपट्टा रहा, जिसे उन्होंने मेटैलिक टिश्यू घूंघट के साथ कैरी किया। फुलकारी दुपट्टा पंजाबी संस्कृति और पारंपरिक विरासत का प्रतीक माना जाता है। अंशुला ने बताया कि यह दुपट्टा उनके लिए सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि परिवार, परंपरा और महिलाओं के आशीर्वाद का प्रतीक है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शानदार आउटफिट को तैयार करने में कारीगरों को करीब 1,600 घंटे का समय लगा। उन्होंने अपने लुक को पोल्की नेकलेस, झुमकों, मांग टीका और हेयर एक्सेसरीज़ के साथ पूरा किया। वहीं उनका सॉफ्ट ग्लोइंग मेकअप पूरे ब्राइडल लुक में चार चांद लगा रहा था। दूसरी ओर, रोहन ठक्कर गहरे लाल रंग के कुर्ता-चूड़ीदार सेट में बेहद आकर्षक नजर आए। गोल्डन एम्ब्रॉयडरी और मैचिंग स्टोल के साथ उनका लुक भी काफी पसंद किया जा रहा है।