नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट का दबाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 542.76 अंक टूटकर 76,551.31 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी में भी 150.55 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 23,952.35 पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों पर देखने को मिला। निवेशकों की बिकवाली के बीच वेदांता के शेयरों में करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। कंपनी में बड़ी ब्लॉक डील के जरिए प्रमोटर हिस्सेदारी बिकने की खबर का असर शेयर पर पड़ा।
वैश्विक बाजारों में कमजोरी का असर भी भारतीय बाजार पर दिखाई दिया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स सबसे ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि जापान और हांगकांग के बाजारों में भी दबाव रहा। अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाउ जोन्स में मजबूती रही, लेकिन टेक्नोलॉजी शेयरों में गिरावट के कारण नैस्डैक और S&P 500 दबाव में रहे।
हालांकि, विदेशी निवेशकों की खरीदारी का सिलसिला जारी है। पिछले सात कारोबारी सत्रों में FII ने भारतीय बाजार में करीब 3,300 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को संभालने के लिए ताजा सत्र में 1,036 करोड़ रुपये की खरीदारी की। निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों और आगामी बाजार रुझानों पर बनी हुई है।

