रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रात 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और नवा रायपुर स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। 18 मई की सुबह गृह मंत्री रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे दोपहर में जगदलपुर रवाना होंगे, जहां बस्तर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
अमित शाह नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे और शाम को जगदलपुर में आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही प्रस्तावित है। 19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद गृह मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।
