रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शनिवार को तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कई जगहों पर नुकसान भी हुआ। तेज हवा के कारण पेड़ और बड़े होर्डिंग गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा और कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार शाम तक रायपुर और आसपास के इलाकों में फिर से मौसम खराब हो सकता है। तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य भारत और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने विभिन्न सिस्टमों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है। इसी वजह से स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं और कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। हालांकि सोमवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने नारायणपुर, कांकेर, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, दुर्ग, कबीरधाम, जशपुर और सरगुजा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज अंधड़, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
