सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में छोटे भाई के साथ हुए विवाद का बदला लेने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि महंगई स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं के दो छात्रों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इनमें से एक छात्र ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका बड़ा भाई अपने एक साथी के साथ कार से नवापारा गांव पहुंचा। दोनों की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने कार को घेरकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें एक धारदार चाकू और नकली बंदूक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद बंदूक असल में लाइटर था, जिसे लोगों को डराने के उद्देश्य से रखा गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले में आरोपियों की कार पर लगी नेम प्लेट भी चर्चा में रही। कार पर ‘जिला संयोजक मदरसा प्रकोष्ठ पसमांदा मंच’ लिखा हुआ था और उसके साथ भाजपा का कमल चिन्ह भी लगा था। पुलिस ने इसे फर्जी नेम प्लेट बताते हुए दावा किया है कि आरोपियों का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों युवक स्कूल में हुए विवाद के बाद बदला लेने की नीयत से गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई और दोनों को हथियारों के साथ पकड़ लिया गया।
