बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता रूप नारायण सिन्हा का दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में निधन हो गया है। वे बिलासपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय ‘प्रशिक्षण महाअभियान’ कार्यक्रम में बतौर प्रभारी शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके इस आकस्मिक निधन पर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि, वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा जी का असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीधाम में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
