रायपुर। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के कार्य विभाजन में बदलाव किया गया है। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने आंशिक संशोधन करते हुए नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इसके तहत 9 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
यह फेरबदल छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए गए स्थानांतरण और संबंधित अधिकारियों के उपस्थिति प्रतिवेदन मिलने के बाद किया गया है। नई व्यवस्था के तहत रायपुर शहर के साथ अभनपुर, खोरपा, धरसींवा और खरोरा तहसीलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, अमित केरकेट्टा को तहसीलदार रायपुर नियुक्त किया गया है। प्रेरणा सिंह, सौरभ चौरसिया और सृजन सोनकर को अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जयेन्द्र सिंह को तहसीलदार खोरपा (अभनपुर) और राममूर्ति दीवान को तहसीलदार धरसींवा बनाया गया है।
इसी तरह ख्याति नेताम को तहसीलदार खरोरा, राजकुमार साहू को नजूल तहसीलदार रायपुर और गजानंद सिदार को नायब तहसीलदार अभनपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के बाद सभी संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना के अनुसार कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

