रायपुर। छत्तीसगढ़ के पेंड्रावन जलाशय के आसपास चूना पत्थर खनन के लिए निजी कंपनी को लीज देने का मामला राजनीतिक चर्चा में आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए बांध और जलाशय की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट में खनन और ब्लास्टिंग से बांध को संभावित नुकसान की चेतावनी दिए जाने के बावजूद सरकार ने कंपनी को लीज जारी कर दी।
रायपुर स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बघेल ने पेंड्रावन के ऐतिहासिक महत्व और जलाशय की उपयोगिता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पेंड्रावन लगभग 117 वर्ष पुराना है, जबकि यहां का जलाशय करीब 50 साल पुराना है। इसका जलग्रहण क्षेत्र भी काफी बड़ा है और जलाशय के निर्माण के लिए ग्रामीणों ने अपनी जमीन दी थी। ऐसे में इस क्षेत्र में खनन की अनुमति देना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है।
बघेल के मुताबिक, पूर्व में डॉ. रमन सिंह की सरकार के कार्यकाल में भी इस जमीन पर चूना पत्थर खनन के लिए उद्योग को अनुमति देने का प्रयास हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था और बाद में खनन की लीज निरस्त करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान भी उद्योगपतियों ने इस क्षेत्र में खनन की अनुमति मांगी थी, लेकिन जलाशय की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने प्रस्तावों को मंजूरी नहीं दी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि खनन के लिए ब्लास्टिंग किए जाने से पेंड्रावन बांध को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने सवाल किया कि जब विभाग ने संभावित खतरे की जानकारी दी थी, तो सरकार ने किस आधार पर निजी कंपनी को खनन की लीज जारी की। इस मामले में सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की।
बघेल ने प्रदेश में किसानों की धान की फसल को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि तीन चक्रवातों के कारण कई क्षेत्रों में धान की फसल प्रभावित हुई है। किसानों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को खेतों में जाकर फसल क्षति का सर्वे करने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके आरोप के अनुसार अब तक अधिकारी जमीनी स्तर पर सर्वे के लिए नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वे में देरी से प्रभावित किसानों को नुकसान का आकलन और राहत मिलने में परेशानी हो सकती है।
