घर में शराब पार्टी करने पर भड़का बेटा, लाठी से पीट-पीटकर रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी पिता को उतारा मौत के घाट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शराब पार्टी करने से नाराज एक कलयुगी बेटे ने अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की लकड़ी (लाठी) से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतु कोठरी के रूप में हुई है, जो रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संतु कोठरी को शराब की लत थी और वे अक्सर घर पर ही लोगों को बुलाकर शराब पार्टी किया करते थे। इसी बात को लेकर उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू काफी समय से बेहद नाराज चल रहा था। सोमवार की रात इसी बात पर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर राजू ने आग जलाने वाली भारी लकड़ी से अपने पिता के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमले कर दिए, जिससे मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई।

दिल दहला देने वाली इस हत्या के बाद आरोपी बेटा रातभर पिता के शव को घर में ही छिपाकर बैठा रहा। सुबह जब वार्ड पार्षद को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत तिल्दा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारे बेटे को तत्काल गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।