मुंबई। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और 2011 विश्व कप विजेता जहीर खान नई मिक्स्ड महिला-पुरुष टी-20 क्रिकेट पहल ‘इक्वल’ की संभावनाओं को लेकर काफी आश्वस्त हैं। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक ही प्लेइंग इलेवन में शामिल कर क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप को नई दिशा देना है। इस पहल की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है, जिसके सह-मालिक जहीर खान और आईटी क्षेत्र के उद्यमी नागेंद्र सिद्दौतम हैं। इसे जर्मन क्रिकेट महासंघ (डॉयचर क्रिकेट बंड) के साथ साझेदारी में विकसित किया जा रहा है।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के एक बिल्कुल नए प्रारूप की शुरुआत करने जा रही ‘इक्वल’ में पेशेवर पुरुष और महिला क्रिकेटर एक साथ मैदान पर उतरेंगे। यह टी-20 क्रिकेट को एक नया और समावेशी स्वरूप देगा। पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित करने की परंपरा से हटकर इसमें सभी खिलाड़ी एक ही प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इसमें एक ही स्कोरबोर्ड होगा और विजेता भी एक ही टीम बनेगी।
शुरुआती प्रारूप के तहत पांच टीमें 12 टी-20 मैच खेलेंगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे। हर प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे। टी-20 क्रिकेट के मौजूदा नियमों और खेल के स्वरूप को बरकरार रखते हुए इस प्रारूप में खेलने के स्पष्ट नियम, खिलाड़ियों की सुरक्षा के उपाय और स्थानापन्न खिलाड़ियों से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए जाएंगे, ताकि मुकाबले व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक बने रहें।
एंकर स्पोर्ट्स के सह-मालिक जहीर खान ने कहा, “क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है। खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की आगे की वृद्धि इस बात पर निर्भर करेगी कि हम इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कितनी आसानी से पहुंचा पाते हैं। ‘इक्वल’ जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके जरिये सभी लिंग के लोगों को खेल में हिस्सा लेने, योगदान देने और इसकी विकास यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। वर्ष 2028 में क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी होने जा रही है। ऐसे में इस खेल को नए समुदायों तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर इसका दायरा बढ़ाने का अच्छा अवसर है। ‘इक्वल’ को खास बनाने वाली बात यह है कि इसमें एक पुरुष और एक महिला क्रिकेटर एक ही मैदान पर आमने-सामने मुकाबला करेंगे।”
विश्व आर्थिक मंच की ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2026 (16 सितंबर, 2026 को प्रकाशित) के अनुसार, 145 अर्थव्यवस्थाओं में जर्मनी नौवें स्थान पर है। देश ने लैंगिक असमानता के अंतर को 81.7 प्रतिशत तक कम कर लिया है। इस नवाचार के अलावा ‘इक्वल’ का उद्देश्य खेल में भागीदारी, प्रतिभाओं के विकास और प्रशंसकों की सहभागिता के नए अवसर तैयार करना है। पुरुषों और महिलाओं को एक ही व्यवस्था के तहत लाकर यह पहल एक ऐसे समावेशी, टिकाऊ और प्रतिस्पर्धात्मक मॉडल की संभावनाएं तलाशना चाहती है, जो यूरोप में क्रिकेट के निरंतर विकास में योगदान दे सके।
जर्मन क्रिकेट महासंघ (डीसीबी) के अध्यक्ष सेवेरिन वाइस ने कहा, “जर्मनी में पहले से ही पुरुषों और महिलाओं का एक बड़ा क्रिकेट समुदाय मौजूद है। हमें ऐसे मंच तैयार करने में अपार संभावनाएं दिखाई देती हैं, जो इन समुदायों को अधिक व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में एक साथ ला सकें। ‘इक्वल’ हमें मौजूदा आधार को और मजबूत करने, अधिक लोगों को खेल से जोड़ने, स्थानीय समुदायों तक क्रिकेट पहुंचाने और इस खेल को व्यापक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देता है।”
