घर में खून से लथपथ मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका से गांव में सनसनी; फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नेवारीकला गांव में एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर के कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव का है। मृतका की पहचान दया बाई साहू (पति- चिमन साहू) के रूप में हुई है। मंगलवार को उनका शव घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है।