शादी की खुशियां मातम में बदलीं: दहेज के लिए TV खरीदने जा रहे व्यक्ति की हाईवा की टक्कर से मौत, साथी गंभीर

Follow Us

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की लापरवाही ने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने मल्हार जा रहे स्कूटी सवार एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, लोहर्सी निवासी बरन भानु (50) अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे स्कूटी (CG 22 AE 0512) से मल्हार जा रहे थे। रास्ते में ग्राम बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रही हाईवा (CG 22 J 8196) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही माना जा रहा है।