o महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर विशेष
रायपुर। एक तरफ मेरे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी “हम करके रहेंगे” के नारे के साथ 2047 तक नए भारत के निर्माण में जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ दुनिया चाँद पर पहुँचने के बजाय अब वहाँ घर बनाने की तैयारी कर रही है। विज्ञान इतनी तरक्की कर चुका है कि हवा में उड़ने वाली कारों की तैयारी चल रही है, रोबोट घर का काम कर रहे हैं, और लोग मोबाइल से वीडियो कॉल पर हजारों किलोमीटर दूर बैठकर एक-दूसरे को देखकर बातचीत कर रहे हैं।
परंतु इतनी तरक्की के बाद भी आज महिलाओं की स्थिति जैसी की तैसी बनी हुई है। यह हमारे विकास पर सबसे बड़ा प्रश्नचिन्ह है। क्या यही विकास है? क्या यही नया भारत है?
साल भर के आँकड़ों पर नजर डालें तो हकीकत डराने वाली है। महिलाओं पर दुष्कर्म के 192 मामले दर्ज हुए हैं, दहेज प्रताड़ना के 142, छेड़खानी के 40, उत्पीड़न के 35 मामले सामने आए हैं, और दहेज प्रताड़ना से 2 महिलाओं की मौत हो गई। यह वह आँकड़े हैं जो पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद हैं, जबकि आधे से ज्यादा मामले तो पुलिस तक पहुँच ही नहीं पाते। कितनी बहनें, बहुएँ, बेटियाँ समाज के डर से, परिवार की इज्जत के नाम पर चुपचाप सब कुछ सह जाती हैं, यह किसी रिकॉर्ड में नहीं है। जो दिख रहा है, वह तो सिर्फ बर्फ का एक छोटा सा टुकड़ा है, असली दर्द तो अंदर ही अंदर छिपा है।
विवाह पंचमी 2026: दांपत्य जीवन में खुशहाली के लिए पति-पत्नी जरूर करें ये 5 शुभ काम
जिस देश में नारी के साथ इतना अपमान हो रहा हो, इतनी ज्यादती हो रही हो, ऐसे में विकास अपनी क्या गाथा कहेगा? मैं मानती हूँ देश कितना ही तरक्की कर ले, कितनी ही ऊँची इमारतें बना ले, कितने ही उपग्रह छोड़ दे, परंतु यदि जननी ही सुरक्षित नहीं है तो विकास की हर गाथा व्यर्थ है।
हम कहते हैं – यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः। जहाँ नारी की पूजा होती है, वहाँ देवता निवास करते हैं। पर आज हम पूजा की बात तो करते हैं, मंदिरों में देवी की आरती तो करते हैं, लेकिन घर की देवी का सम्मान करना भूल गए हैं।
हालांकि माननीय न्यायालय से लेकर सरकार तक महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं, कड़े कानून बनाए गए हैं, फास्ट ट्रैक कोर्ट बने हैं, हेल्पलाइन शुरू की गई हैं। बावजूद इसके बहन, बहू, बेटियों पर अत्याचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कानून तो बन गए, पर सोच नहीं बदली।
क्या नारी के भाग्य में यही सब लिखा है? क्या नारी के भाग्य का यही विकास है? नहीं, बिल्कुल नहीं। नारी का भाग्य आँसू नहीं, सम्मान है।
मार्गशीर्ष मास 2026: अगहन महीने में कब पड़ेंगे व्रत- त्योहार, यहां देखें पूरी सूची
सच में अगर विकास की रफ्तार पकड़नी है, तो नारी का सम्मान करना होगा। और इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी होगी। दूसरों पर टिप्पणी करने वाले यदि इसकी शुरुआत अपने घर से करें, अपनी बेटी को बराबर का हक दें, बहू को बेटी मानें, बहन की इज्जत करें, पत्नी को बराबरी का दर्जा दें, तभी 2047 तक हम विकसित भारत की कल्पना को साकार कर सकेंगे।
विकसित भारत सिर्फ सड़क, बिल्डिंग और टेक्नोलॉजी से नहीं बनेगा। विकसित भारत तब बनेगा, जब रात को एक बेटी अकेली घर से निकल सके और माँ-बाप को चिंता न हो। जब एक बहू को दहेज के लिए ताने नहीं, प्यार मिलेगा। जब एक बहन को छेड़खानी का डर नहीं, सुरक्षा का भरोसा होगा।
जब नारी सुरक्षित होगी, तभी भारत सच में विकसित कहलाएगा।
हम करके रहेंगे – यही संकल्प आज हर घर को, हर बेटे को, हर पिता को लेना होगा।
