एमसीबी। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से मिल रहा है। अभियान के तहत आवेदनों का त्वरित निराकरण होने से लोगों को जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम भगवानपुर निवासी दुर्गा प्रसाद ढीमर का मामला है, जिन्हें अपने पुत्र शिवम ढीमर के लिए महज तीन दिनों में आय प्रमाण पत्र मिल गया।
दुर्गा प्रसाद ढीमर, पिता जोखे लाल ढीमर ने अपने पुत्र के आय प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया था। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तीन दिनों के भीतर प्रमाण पत्र जारी कर दिया। आय प्रमाण पत्र शिक्षा, छात्रवृत्ति और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें लंबी प्रक्रिया और इंतजार से राहत मिली। इससे उनके समय और श्रम की भी बचत हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाने और सुशासन को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रहा है। सेवा सेतु अभियान के जरिए लोगों को सुविधाजनक और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अपने पुत्र का आय प्रमाण पत्र तीन दिनों में मिलने पर दुर्गा प्रसाद ढीमर ने प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
