जीपीएम के नए कलेक्टर बने विजय दयाराम के, अवकाश के दिन संभाला पदभार

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने रविवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के नए कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने शासकीय अवकाश के दिन ही कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी संभाली और प्रशासनिक कार्यों का संचालन शुरू कर दिया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल भी उन्हें भेंट किया गया। अधिकारियों ने जिले की संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और विकास योजनाओं की जानकारी भी दी।

स्वागत कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नए कलेक्टर को शुभकामनाएं देते हुए जिले के विकास कार्यों में बेहतर समन्वय का भरोसा जताया।

उल्लेखनीय है कि विजय दयाराम के जीपीएम जिले के आठवें कलेक्टर हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से जिले में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन को नई गति मिलेगी। ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस रहेगा।