साइड नहीं मिलने पर वन अधिकारी का हाईवे पर हंगामा, यात्री बस रोककर चालक से अभद्रता; VIDEO वायरल

Follow Us

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक वन अधिकारी द्वारा यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर चालक से कथित अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग नेशनल हाईवे-130C पर अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने कथित तौर पर साइड नहीं मिलने पर अपनी गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी।

आरोप है कि इसके बाद वन अधिकारी ने बस चालक से गाली-गलौज की और विवाद करने लगे। उनके साथ मौजूद एक कर्मचारी भी चालक से बहस करता दिखाई दिया। इस घटनाक्रम के चलते बस करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस चालक यशवंत बंजारे का कहना है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन है और लगातार बारिश के कारण सड़क भी क्षतिग्रस्त है। ऐसे में सुरक्षित स्थान मिलने पर ही वाहनों को साइड देना संभव था। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम नहीं लिया जा सकता था।

चालक ने घटना के दौरान डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी और इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि बस चालक की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।