खैरागढ़। जिले में विद्युत लाइन के पास पेड़ कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें बिजली विभाग के एक ठेका कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हेमंत साहू शनिवार सुबह टोलागांव क्षेत्र में अन्य कर्मचारियों के साथ पेड़ कटाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक पेड़ की डाली गलती से चालू विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित फीडर को बंद किया गया था, लेकिन दूसरी लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
