तमिलनाडु में सत्ता की तस्वीर साफ! थलापति विजय को मिला बहुमत, सीएम बनने का रास्ता खुला

Follow Us

तमिलनाडु। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां थलापति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन जुटा लिया है। नए समीकरण के तहत विदुथलाई चिरुथिगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने भी विजय को समर्थन दे दिया है, जिससे कुल संख्या बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है। इससे पहले कांग्रेस और कुछ वाम दलों के समर्थन से उनकी स्थिति मजबूत हो चुकी थी।
234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास 107 सीटें हैं, जबकि अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से यह संख्या 118 के पार पहुंच गई है, जो सरकार गठन के लिए जरूरी है।

इसी कारण विजय ने एक बार फिर राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है ताकि औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सके। हालांकि राजनीतिक हलचल के बीच देरी को लेकर समर्थकों में नाराजगी भी देखी गई। एक समर्थक द्वारा आत्मदाह की कोशिश की घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है, जिसे लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। वहीं दूसरी ओर, DMK और NDA गठबंधन अब विपक्ष में बैठते नजर आ रहे हैं। तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव राज्य के भविष्य के लिए एक बड़ा राजनीतिक मोड़ माना जा रहा है।