दीपावली के बाद शुरू हुआ पारंपरिक हुल्की नृत्य, हानपतरी गांव में आदिवासी संस्कृति की दिखी अनूठी छटा

Follow Us

o ग्राम हिंगनपुरी का नर्तक दल हुल्की नृत्य लेकर पहुंचा हानपतरी, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों ने बांधा समां
o आदिवासी परंपरा, संस्कृति और सभ्यता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास, महिला-पुरुषों की उमड़ी भीड़

दुर्गूकोदल। दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के पश्चात आदिवासी अंचल में पारंपरिक हुल्की नृत्य की शुरुआत हो गई है। आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सभ्यता की पहचान माने जाने वाले इस लोकनृत्य को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में ग्राम हिंगनपुरी का नर्तक दल पारंपरिक हुल्की नृत्य प्रस्तुत करने ग्राम हानपतरी पहुंचा। नर्तक दल के आगमन से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य का आनंद लेते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। हुल्की नृत्य आदिवासी समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरागत जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह नृत्य प्रतिवर्ष दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के बाद शुरू होता है। इसके पश्चात नर्तक दल गांव-गांव पहुंचकर पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हैं। इस दौरान आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत, रीति-रिवाज और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिलती है।

घर तक पानी पहुंचा तो बदली जिंदगी, अब परिवार के लिए ज्यादा वक्त

हुल्की नृत्य के माध्यम से वर्तमान पीढ़ी को अपनी पुरातन संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण कलाकार अपनी पारंपरिक लोककलाओं को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। बुजुर्गों से मिली सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन की विशेष पहचान है। ग्राम हानपतरी में आयोजित इस नृत्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। पारंपरिक लोकधुनों और सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ नर्तक दल का स्वागत किया और देर तक लोकनृत्य का आनंद लिया।

कर्नाटक के गृह मंत्री के खिलाफ आरएसएस संबंधी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत

इस अवसर पर नृत्य दल के प्रमुख ग्राम गायता बंसी नरेटी, शिवलाल ध्रुव, सोमनाथ गोटा, बृजलाल सलाम, मोतीराम नरेटी, (हिंगनपुरी) पूर्व जनपद अध्यक्ष जोहन गावड़े, हीरा मड़ावी, मायाराम कोमरा, प्रभुराम गावड़े, धर्म नरेटी, सर्किल अध्यक्ष नवल कल्लो, गणेश कोवाची, अशोक ध्रुव, नीरसू गावड़े, जयराम कोमरा, रतन नरेटी, सुनउ पोटाई, विजय पटेल, भुनेश नरेटी, गायत्री गावड़े, कुमारी सलाम, समरो ध्रुव, हीरो सलाम, बिसोन नरेटी, जक्को बाई गावड़े, हेमलता नरेटी, सविता गावड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। हुल्की नृत्य की शुरुआत के साथ ही पूरे अंचल में लोकसंस्कृति और पारंपरिक उत्सवों की रौनक लौट आई है। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजन आदिवासी समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।