रायपुर । छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के प्रारूप को मंजूरी दे दी गई है। इस मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और प्रतियोगिताओं में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मिशन के तहत प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान के लिए स्कूलों और विशेष चयन शिविरों में टैलेंट हंट आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री ट्रॉफी के माध्यम से गांव से लेकर शहर तक उभरते खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चयनित खिलाडिय़ों का पंजीयन एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम (एएमएस) में किया जाएगा। इसके जरिए उनके प्रशिक्षण, प्रदर्शन और प्रगति की नियमित निगरानी की जा सकेगी।
० तीन चरणों में तैयार होंगे खिलाड़ी
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत खिलाडिय़ों को उनकी क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर तीन स्तरों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में फीडर सेंटरों में खेल की बुनियादी तकनीक और कौशल विकसित किए जाएंगे। दूसरे चरण में राज्य खेल अकादमियों में संबंधित खेलों का विशेष और उन्नत प्रशिक्षण मिलेगा। तीसरे चरण में उच्च प्रदर्शन केंद्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ खेल विज्ञान और प्रदर्शन विश्लेषण की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
० पहले चरण में छह शहरों में खुलेंगे फीडर सेंटर
योजना के शुरुआती चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर और जशपुर को शामिल किया गया है। इन छह शहरों में फीडर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इससे स्थानीय स्तर पर खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें आगे बढऩे के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
० 10 प्रमुख खेल विधाओं पर विशेष फोकस
मिशन के अंतर्गत 10 प्रमुख खेल विधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाडिय़ों को उनकी क्षमता, प्रदर्शन और पदक जीतने की संभावनाओं के आधार पर कोर और डेवलपमेंट समूहों में वर्गीकृत किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को विशेष आर्थिक सहायता, आधुनिक खेल उपकरण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर खिलाडिय़ों की प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन भी किया जाएगा।
० राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की तैयारी
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करना और प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को शुरुआती स्तर से लेकर उच्च प्रदर्शन तक व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और आर्थिक सहयोग के जरिए छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के लिए तैयार किया जाएगा।
