विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएसआर) का मुख्य उद्देश्य है मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना, ताकि उसमें हर पात्र नागरिक का नाम सही रूप से शामिल हो सके। मतदाता सूची को लोकतंत्र की आत्मा माना जाता है। मतदान के संवैधानिक अधिकार का वास्तविक निष्पादन शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करता है। यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह अन्य सभी योग्यताओं के बावजूद अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाएगा। मतदाता सूची का पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक या तकनीकी प्रक्रिया नहीं है अपितु यह एक सतत लोकतांत्रिक अनुष्ठान है जो प्रत्येक योग्य नागरिक को राष्ट्र-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ता है। इसी पुनरीक्षण प्रक्रिया का सबसे गहन और प्रामाणिक स्वरूप है विशेष गहन पुनरीक्षण। संविधान का अनुच्छेद 324 भारत निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची तैयार करने, उसके पुनरीक्षण और चुनावों के संचालन का पूर्ण अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण करने का अधिकार प्रदान करता है। पुनरीक्षण की अनिवार्यता इसलिए जरूरी है क्योंकि समाज में जनसंख्या स्थिर नहीं रहती और सामाजिक-आर्थिक परिवर्तनों के कारण मतदाता सूची में लगातार बदलाव होता रहता है। पुनरीक्षण की आवश्यकता इसलिए पड़ती है क्योंकि आधुनिक युग में रोजगार, शिक्षा, विवाह और शहरीकरण के कारण बड़े पैमाने पर प्रवास होता है। जब कोई नागरिक अपना स्थान बदलता है, तो उसका नाम पुरानी जगह से हटना और नई जगह पर जुड़ना अनिवार्य होता है। इसके अतिरिक्त, प्रतिवर्ष लाखों नागरिकों की प्राकृतिक मृत्यु होती है। यदि मृत व्यक्तियों के नाम सूची से न हटाए जाएं, तो मतदाता सूची में भूतिया मतदाता जमा हो जाते हैं। कई बार एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग मतदान केंद्रों, विधानसभाओं या राज्यों में पंजीकृत हो जाता है। पुनरीक्षण की प्रक्रिया इस प्रकार की डुप्लीकेसी को समाप्त कर एक नागरिक- एक वोट के लोकतांत्रिक सिद्धांत को बनाए रखती है। यदि मतदाता सूची अशुद्ध होगी अर्थात उसमें मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित लोगों के नाम दर्ज रहेंगे तो चुनाव के बाद निकाला गया मतदान प्रतिशत वास्तविक स्थिति से काफी कम दिखाई देगा। एक अद्यतन सूची चुनाव विश्लेषकों और आयोग को मतदान की सटीक भागीदारी का माप देती है। अद्यतन न की गई मतदाता सूचियां फर्जी मतदान का मुख्य कारण बनती हैं। असामाजिक तत्व मृत या अनुपस्थित मतदाताओं के नाम पर वोट डालने का प्रयास करते हैं। पुनरीक्षण इस मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर देता है मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए निर्वाचन आयोग मुख्य रूप से दो प्रक्रियाओं का उपयोग करता है । पुनरीक्षण प्रक्रिया एक निश्चित अवधि में पूरे देश या राज्य/क्षेत्र स्तर पर चलाया जाने वाला अभियान है। इसके अंतर्गत दो तरीके अपनाए जाते हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण आमतौर पर हर साल आयोजित किया जाता है। इसमें एक अर्हता तिथि जैसे 1 जनवरी को आधार मानकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने (फॉर्म 6), अशुद्धियों को सुधारने (फॉर्म 8) और मृत/स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने (फॉर्म 7) के लिए दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाती हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण में बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करते हैं और संपूर्ण सूची को नए सिरे से अपडेट करते हैं। निरंतर अद्यतनीकरण, पुनरीक्षण अभियान समाप्त होने के बाद वर्ष के बाकी दिनों में यह प्रक्रिया लागू रहती है। इस दौरान कोई भी पात्र नागरिक वोटर्स सर्विस पोर्टल या बीएलओ के माध्यम से किसी भी समय अपना नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। चुनाव नामांकित होने और चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन की अंतिम तिथि तक प्राप्त आवेदनों को भी इस प्रक्रिया के तहत अद्यतन किया जाता है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने देश भर में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की घोषणा 27 अक्टूबर 2025 में की थी। इसके तहत मतदाताओं को यह साबित करने कहा गया था कि या तो वे 2003 के आसपास पिछले गहन पुनरीक्षण में सूचीबद्ध थे या वे ऐसे वोटरों के वंशज हैं। अक्टूबर 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण के परिणामस्वरूप मतदाता सूची से लगभग 13 करोड़ नाम हटा दिए गए लेकिन ऐसा पहली बार नहीं हुआ है यदि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के इतिहास पर दृष्टि डालें तो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 21 आयोग को प्रत्येक चुनाव से पूर्व या प्रतिवर्ष मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कानूनी अधिकार देती है। जबकि धारा 22 एवं 23 सूची में त्रुटियों के सुधार, प्रविष्टियों के विलोपन और नए नामों के समावेशन की प्रक्रिया तय करती है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 पुनरीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले प्रपत्रों-फार्म 6, 6ए,7, 8 को घर-घर जाकर सत्यापन, दावा-आपत्ति और अपील प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप प्रदान करती है।
विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रासंगिकता -डॉ. माणिक विश्वकर्मा
Follow Us
