बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त 2026 को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रध्वज की आभा और देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग (आईपीएस) को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। आईजी के रायपुर प्रवास पर होने के कारण कार्यालय में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र की सुरक्षा पुलिस का सर्वोच्च कर्तव्य है। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए देश की आन-बान-शान और गौरव को सदैव ऊंचाइयों पर बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह में आम्र्स गार्ड द्वारा अनुशासित एवं गरिमामयी सशस्त्र सलामी दी गई। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की गूंज से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे।
