देवरी पिकनिक स्पॉट हादसे में तीनों युवकों की मौत, हसदेव नदी से सभी शव बरामद

Follow Us

जांजगीर-चांपा। देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही थीं। शनिवार को एक युवक का शव मिल गया था, जबकि रविवार सुबह दो अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

बताया गया कि बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेते समय हादसे की चपेट में आ गए। एक युवक का पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में उसके दोनों साथी भी तेज धारा में बह गए। सूचना मिलने पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को बुलाया गया। लगातार चले रेस्क्यू अभियान में तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए।

हादसे के बाद प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाने और प्रतिबंधित स्थानों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा बढ़ाकर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकना है।