पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग, 7-8 राउंड गोलियां चली; पहले जान से मारने की मिली थी धमकी

Follow Us

बरनाला । बरनाला के गांव फरवाही में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। हमलावर घर पर करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलियों के निशान घर के मुख्य गेट पर मिले हैं।वारदात के समय गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के मुताबिक, वह इन दिनों म्यूजिकल शो और कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश गए हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू को कुछ लोगों की ओर से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं। ऐसे में पुलिस इस फायरिंग की घटना को पुरानी धमकियों और गैंगस्टर गतिविधियों से जोड़कर भी जांच कर रही है।

67 प्रॉपर्टी जमींदोज, 9 सील: सत्य निकेतन हादसे के बाद Delhi MCD का ताबड़तोड़ एक्शन जारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल घटनास्थल से कोई स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज नहीं मिली है। हालांकि, आसपास के रास्तों और गांव के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।