बलौदाबाजार करंट हादसे में तीसरी मौत, कारोबारी राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा ने भी तोड़ा दम; परिवार के तीनों सदस्यों की गई जान

Follow Us

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हुए दर्दनाक करंट हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी कारोबारी राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता का भी शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वह रायपुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थीं। शनिवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। इससे पहले शुक्रवार को राकेश गुप्ता और उनके 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता की मौत हो गई थी।

सफाई के दौरान लोहे के पाइप में उतरा था करंट
जानकारी के अनुसार, घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया था। इसकी चपेट में आकर प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और 22 वर्षीय पुत्र मोनू गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गए थे। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों करंट की चपेट में आ गए थे।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मातम
इस दर्दनाक हादसे में शुक्रवार को राकेश गुप्ता और उनके बेटे मोनू गुप्ता ने दम तोड़ दिया था। वहीं, शनिवार को वर्षा गुप्ता की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे बलौदाबाजार शहर में शोक की लहर है। कारोबारी जगत सहित शहरवासी इस घटना से स्तब्ध हैं। हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।