अंबिकापुर कांग्रेस कार्यालय में चोरी से हड़कंप: 73 नल की टोटियां गायब, दीवारों और वाशरूम में तोड़फोड़

Follow Us

अंबिकापुर। सरगुजा जिमे में स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय राजीव भवन में चोरी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर बाथरूम में लगी दर्जनों नल की टोटियां चोरी कर लीं और वाशरूम में जमकर तोड़फोड़ की। घटना से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घड़ी चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में देर रात चोर दाखिल हुए। बदमाशों ने वाशरूम में लगे फ्लश, वाश बेसिन और पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि, करीब 73 नल की टोटियां चोरी हुई हैं, जिससे एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

घटना को और अजीब तब माना गया जब चोर जाते-जाते कार्यालय के फर्श पर अंग्रेजी में “आई लव अंबिकापुर” लिखकर चले गए। सुबह कार्यालय खुलने पर कर्मचारियों और नेताओं को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि, पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है जब कांग्रेस कार्यालय को निशाना बनाया गया है। खास बात यह है कि, कांग्रेस कार्यालय शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में स्थित है, जहां कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और यातायात चौकी भी मौजूद हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।