आम की मिठास में घुला पत्रकारों का अपनापन, कृषि मंत्री रामविचार नेताम बोले- ‘आम हर किसी का खास’

Follow Us

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित आम महोत्सव सोमवार को उत्साह, सौहार्द और आत्मीय माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार रामावतार तिवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि, आम केवल फलों का राजा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, किसानों की मेहनत और प्रकृति की अनमोल सौगात का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में बागवानी फसलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। साथ ही उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पत्रकारों की निष्पक्ष कार्यशैली की सराहना की। प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि, प्रेस क्लब पत्रकारों का परिवार है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे, संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा व्यस्त जीवन के बीच एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

वरिष्ठ पत्रकार रामावतार तिवारी ने कहा कि, पत्रकारिता केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवा पत्रकारों से निष्पक्षता, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। महोत्सव में विभिन्न किस्मों के स्वादिष्ट आम, आम पन्ना, आम की कुल्फी और अन्य व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आत्मीय संवाद ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।