25 नकाबपोशों का तांडव, सरेराह युवक की हत्या से जिले में बढ़ा तनाव

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का राजीव नगर इलाका बीती रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आपसी रंजिश के चलते करीब 20 से 25 नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई और चाचा पर भी प्राणघातक हमला किया गया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के केजू राइस मिल के पास रहने वाला 20 वर्षीय जितेश ठाकुर रात करीब 1 बजे खाना खाकर टहल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों, लाठियों व सब्बल से उस पर टूट पड़े। चीख-पुकार सुनकर जब जितेश का बड़ा भाई राहुल और चाचा का लड़का नेहरू उसे बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू और सब्बल से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में जितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों घायल परिजन अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर दबिश दी और अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।