बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी के रतनपुर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खूंटाघाट की छोटी नहर में एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सांधीपारा वार्ड क्रमांक 7 निवासी 65 वर्षीय कनक कुमार राज के रूप में हुई है। कनक कुमार बीते रविवार से घर से लापता थे और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार सुबह उनका शव सांधीपारा के पास ही नहर में तैरता हुआ पाया गया।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला महज एक दुर्घटना है, सोची-समझी हत्या या फिर आत्महत्या। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग की किसी से कोई रंजिश थी या वे मानसिक तनाव में थे, पुलिस इन सभी पहलुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ उनके अंतिम लोकेशन और संपर्कों को भी खंगाल रही है ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।
