रायपुर में आईपीएल रोमांच पर बारिश का साया: RCB vs MI मुकाबले से पहले मौसम ने बढ़ाई चिंता, हाई अलर्ट जारी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 मई को होने वाले IPL मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मौसम ने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच से पहले मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बीते दिनों रायपुर में अचानक मौसम बदलने और तेज बारिश के बाद तापमान में गिरावट जरूर आई, लेकिन IPL आयोजन को लेकर चिंता बढ़ गई है। दोनों टीमें पहले ही रायपुर पहुंच चुकी हैं। विराट कोहली और RCB टीम को देखने के लिए फैंस एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में पहुंचे, वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा ने स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। सुरक्षा के लिहाज से 1500 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं और स्टेडियम में कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है। अब सबकी नजरें मौसम पर टिकी हैं कि, क्या बारिश इस बड़े क्रिकेट मुकाबले का रोमांच बिगाड़ेगी या फिर फैंस को एक यादगार मैच देखने को मिलेगा।