मुंबई। टीवी का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने 18वें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। शो के पहले एपिसोड में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सनी देओल और प्रीति जिंटा हॉट सीट पर नजर आएंगे, वहीं आमिर खान भी उनके साथ शो का हिस्सा बनेंगे। मेकर्स ने एपिसोड का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें सनी देओल और आमिर खान अमिताभ बच्चन के साथ जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। प्रोमो में आमिर, अमिताभ बच्चन से उनके ‘सोचना पड़ेगा’ वाले प्रोमो को लेकर सवाल करते हैं। इस पर बिग बी मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहते हैं कि सबकुछ इतना आसान नहीं होने वाला, क्योंकि सोचने के लिए वक्त तो लेना पड़ेगा। तीनों सितारों की यह मजेदार बातचीत दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
दरअसल, सनी देओल, आमिर खान और प्रीति जिंटा अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए ‘केबीसी 18’ के सेट पर पहुंचे हैं। फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस ने किया है। वहीं ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन का प्रीमियर 10 अगस्त को होगा। शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा। इस सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है, जिसमें कंटेस्टेंट्स के सामान्य ज्ञान के साथ उनके व्यावहारिक ज्ञान और सोचने की क्षमता की भी परीक्षा होगी।
