सप्रे शाला बूढ़ापारा में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

Follow Us

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत 8 अगस्त 2026 को माधवराव सप्रे शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बूढ़ापारा में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षा, कानून और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार, परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक ज्योति पटेल और थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों व शिक्षकों से संवाद किया। पुलिस टीम ने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के साथ विद्यार्थियों के सवालों का समाधान भी किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियम और नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया।पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, QR कोड और मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी। विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1091 और बाल सुरक्षा के लिए 1098 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस के साथ प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और सहभागिता जरूरी है। भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई।