कांग्रेस कुंभकर्णी नींद में सोई भाजपा सरकार को जगाने सड़क पर उतरी है, बिजली दर वृद्धि के खिलाफ यह आंदोलन जनता के हक की लड़ाई

Follow Us

बालोद। “भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक बार फिर जनता की जेब पर सीधा हमला किया है। लगातार बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट मीटर की मनमानी और बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालकर भाजपा सरकार आम लोगों का जीवन कठिन बना रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कई बार बिजली दरों में वृद्धि की जा चुकी है, जिससे किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायी सभी प्रभावित हुए हैं।” उक्त बातें वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कही।

उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस सरकार के समय जनता को राहत देने के लिए हाफ बिजली बिल जैसी योजनाएं लागू थीं, लेकिन भाजपा सरकार राहत छीनने और बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता को आम नागरिकों की पहुंच से दूर किया जा रहा है।” इस अवसर पर संगीता सिन्हा, बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष, चंद्रेश हिरवानी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर की जबरन स्थापना पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की।

वोरा ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर की जबरन स्थापना रोकने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि, आज बालोद से हम भाजपा सरकार को चेतावनी देना चाहते हैं कि, यदि जनता विरोधी फैसले वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनआंदोलन को और तेज करेगी। जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस हर वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी है।