चीनी छोड़ें, अपनाएं ये 5 हेल्दी विकल्प; वजन और शुगर दोनों रहेंगे कंट्रोल

Follow Us

लाइफस्टाइल। आधुनिक खानपान में चीनी का उपयोग तेजी से बढ़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अधिक मात्रा में रिफाइंड चीनी का सेवन मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज और हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए चीनी की जगह प्राकृतिक विकल्पों को अपनाना फायदेमंद माना जाता है। स्टीविया को चीनी का सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है। यह एक प्राकृतिक पौधे से प्राप्त होता है और इसमें कैलोरी लगभग नहीं होती। खास बात यह है कि इसका सेवन ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित नहीं करता, इसलिए यह डायबिटीज मरीजों और वजन कम करने वालों के लिए अच्छा विकल्प है। गुड़ भी पारंपरिक और पौष्टिक विकल्प है। इसमें आयरन, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि इसमें प्राकृतिक शर्करा मौजूद होती है, इसलिए इसका सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए।

खजूर फाइबर, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है। इसका पेस्ट या पाउडर मिठाइयों, शेक्स और स्मूदी में चीनी की जगह इस्तेमाल किया जा सकता है। यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाने में मदद करता है।शुद्ध शहद भी एक लोकप्रिय प्राकृतिक स्वीटनर है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में सहायक हो सकते हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि शहद को उबालकर या बहुत गर्म चीजों में मिलाकर नहीं खाना चाहिए। धागे वाली मिश्री भी रिफाइंड चीनी की तुलना में बेहतर विकल्प मानी जाती है। इसकी तासीर ठंडी होती है और यह पाचन में अपेक्षाकृत आसान होती है। हालांकि इसमें भी कैलोरी होती है, इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि चीनी को पूरी तरह छोड़ने की बजाय धीरे-धीरे इन प्राकृतिक विकल्पों को अपनाने से स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखा जा सकता है।