बदलती जीवनशैली, तनाव, प्रदूषण और गलत खानपान का असर सबसे पहले बालों पर दिखाई देता है। हेयर फॉल, डैंड्रफ और ड्राई हेयर जैसी समस्याएं आज आम हो चुकी हैं। ऐसे में महंगे हेयर प्रोडक्ट्स की बजाय नारियल तेल के साथ कुछ घरेलू चीजें मिलाकर इस्तेमाल करने से बालों को प्राकृतिक पोषण मिल सकता है।ड्राई और बेजान बालों के लिए नारियल तेल में एलोवेरा जेल मिलाकर लगाने से बालों को गहरी नमी मिलती है। दो चम्मच नारियल तेल में एक चम्मच एलोवेरा जेल मिलाकर स्कैल्प और बालों पर लगाएं। करीब 30 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से धो लें। इससे बाल मुलायम, चमकदार और स्वस्थ दिखने लगते हैं।डैंड्रफ से राहत के लिए नारियल तेल और नींबू का रस डैंड्रफ की समस्या कम करने में मदद कर सकता है। एक चम्मच नींबू का रस गुनगुने नारियल तेल में मिलाकर स्कैल्प पर लगाएं। 20 से 30 मिनट बाद बाल धो लें। नियमित इस्तेमाल से रूसी और खुजली की समस्या में राहत मिल सकती है।
बालों का झड़ना कम करने के लिए मेथी के दानों को नारियल तेल में हल्का गर्म करके इस्तेमाल करना फायदेमंद माना जाता है। एक चम्मच मेथी दाने तेल में डालकर गर्म करें, फिर छानकर स्कैल्प की मसाज करें। रातभर लगाने के बाद सुबह शैंपू कर लें। इससे बालों की जड़ें मजबूत होने में मदद मिल सकती है।ध्यान रखें कि घरेलू नुस्खों का असर व्यक्ति की त्वचा और बालों की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। किसी भी तरह की एलर्जी या गंभीर समस्या होने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहता है।
