गर्मियों में आम से बनी मिठाइयों का स्वाद अलग ही होता है। अगर आप इस सीजन में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो बंगाल की मशहूर मैंगो भापा दोई बेहतरीन विकल्प हो सकती है। आम के फ्लेवर और दही की क्रीमीनेस से तैयार यह मिठाई स्वाद के साथ ठंडक भी देती है।
मैंगो भापा दोई के लिए सामग्री
750 ग्राम दही 1 कप आम का पल्प 3/4 कप कंडेंस्ड मिल्क 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर 1/2 कप कटे हुए आम 2 बड़े चम्मच कटे ड्राई फ्रूट्स
बनाने की विधि
सबसे पहले दही को सूती कपड़े में बांधकर 4-5 घंटे के लिए लटका दें, ताकि उसका अतिरिक्त पानी निकल जाए और गाढ़ा हंग कर्ड तैयार हो जाए। अब पके हुए आम का स्मूद पल्प तैयार करें। एक बर्तन में हंग कर्ड, आम का पल्प, कंडेंस्ड मिल्क और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद किसी गहरे बर्तन या टिन को हल्का ग्रीस करें और मिश्रण उसमें डाल दें। ऊपर से एल्युमिनियम फॉयल लगाकर अच्छी तरह सील कर दें। एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें और मिश्रण वाले बर्तन को 20 मिनट तक मध्यम आंच पर स्टीम करें। स्टीम होने के बाद इसे बाहर निकालकर ठंडा करें और कम से कम 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। सेट होने के बाद ऊपर से कटे आम और ड्राई फ्रूट्स से सजाकर ठंडी-ठंडी मैंगो भापा दोई सर्व करें। ध्यान रखने योग्य बातें दही ताजा और कम खट्टा होना चाहिए। स्टीम करते समय बर्तन को अच्छी तरह ढकें ताकि पानी अंदर न जाए। बेहतर स्वाद के लिए मीठे और पके आम का उपयोग करें।
