नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने वनडे क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 24 गेंदों पर 26 रन की पारी खेलते हुए उन्होंने अपने वनडे करियर के 3,000 रन पूरे कर लिए। श्रेयस अय्यर ने यह मुकाम केवल 72 पारियों में हासिल किया और वह इस मामले में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की बराबरी की है, जिन्होंने भी 72 पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे किए थे।
इस सूची में सबसे आगे शुभमन गिल हैं, जिन्होंने सिर्फ 62 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाशिम अमला सबसे तेज 3,000 वनडे रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 57 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। गेंदों के हिसाब से भी अय्यर ने खास रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 3,049 गेंदों में 3,000 रन पूरे किए और इस मामले में वह तीसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे कपिल देव और शुभमन गिल हैं। अय्यर ने 2017 में वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक 78 मुकाबलों की 72 पारियों में उन्होंने 45.68 की औसत और 98.56 के स्ट्राइक रेट से 3,015 रन बनाए हैं। उनके नाम 5 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं।
