जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक भारतीय चाय किसान के कथित अपहरण से हड़कंप मच गया है। 35 वर्षीय दीपांकर गोप को सीमा से सटे चाय बागान में काम करने के दौरान एक समूह कथित तौर पर जबरन बांग्लादेश ले गया। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के बाद उसे पंचगढ़ क्षेत्र में ले जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि, दीपांकर अपने खेत में अकेले काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 से 20 लोगों के सीमा पार से आने और उन्हें घेरने की जानकारी सामने आई। परिवार का दावा है कि, यह घटना कुछ दिन पहले हुई घुसपैठ की कथित कोशिश से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ और बीजीबी के बीच फ्लैग मीटिंग हुई है। भारतीय अधिकारियों की ओर से किसान की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार रात तक दीपांकर की भारत वापसी की पुष्टि नहीं हुई थी। घटना के बाद सीमा से सटे गांवों में चिंता बढ़ गई है। परिवार ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से दीपांकर को जल्द और सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
