संसद में आज बड़ा दिन: केरल का नाम बदलने से लेकर ट्रिब्यूनल सुधार तक, लोकसभा में आएंगे 4 अहम बिल

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का 20वां दिन आज कई अहम विधेयकों के नाम रहने वाला है। लोकसभा में सरकार चार महत्वपूर्ण बिल पेश करने की तैयारी में है, जबकि राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैंकर्स बुक्स से जुड़ा संशोधन विधेयक पेश करेंगी। इन बिलों में सबसे ज्यादा चर्चा केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने वाले विधेयक की है। गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में केरल (अल्टरेशन ऑफ नेम) बिल-2026 पेश करेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम अधिनियम में संशोधन से जुड़ा बिल भी रखेंगे।

कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल-2026 पेश करेंगे। प्रस्तावित कानून का मकसद ट्रिब्यूनलों में नियुक्ति, योग्यता और सेवा शर्तों को ज्यादा पारदर्शी और एकरूप बनाना है। इसमें राष्ट्रीय न्यायाधिकरण आयोग के गठन का भी प्रस्ताव है। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी खान और खनिज कानून में संशोधन से जुड़ा विधेयक पेश करेंगे। उधर, विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस ने FCRA संशोधन बिल का विरोध करने का ऐलान किया है। विपक्षी दलों की बैठक में इस मुद्दे पर रणनीति बनाई जाएगी। माना जा रहा है कि सत्र का अंतिम सप्ताह सरकार और विपक्ष के बीच टकराव से भरपूर रह सकता है।