अरुणाचल पर भारत का बड़ा कदम: चीन को लगी मिर्ची, 27 जगहों के आधिकारिक नाम तय होने पर ड्रैगन ने जताई नाराजगी

Follow Us

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश को लेकर भारत के एक नए प्रशासनिक कदम ने चीन की बेचैनी बढ़ा दी है। भारत ने राज्य के 27 महत्वपूर्ण स्थानों को सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे में मानक नामों के साथ दर्ज किया है। इनमें वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के करीब स्थित कई रणनीतिक इलाके और प्रमुख दर्रे भी शामिल हैं। भारत के इस कदम पर चीन की ओर से आपत्ति जताई गई है। चीनी मीडिया में विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया कि, ऐसे फैसले दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर चल रही बातचीत को प्रभावित कर सकते हैं। चीन के विशेषज्ञों ने भारत से सीमा मुद्दे पर एकतरफा कदम उठाने से बचने की अपील की है।

हालांकि, भारत का रुख लंबे समय से स्पष्ट रहा है कि, अरुणाचल प्रदेश देश का अभिन्न हिस्सा है। भारत चीन की ओर से अरुणाचल के इलाकों के नाम बदलने की कोशिशों को भी खारिज करता रहा है। चीन अरुणाचल प्रदेश को अपने आधिकारिक बयानों में ‘जांगनान’ कहता है और क्षेत्र पर अपना दावा जताता है। नई नामकरण सूची को इसी पृष्ठभूमि में भारत के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि, एक तरफ दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की कोशिशें चल रही हैं, वहीं सीमा से जुड़े ऐसे कदम तनाव को फिर हवा दे सकते हैं। अब नजर इस बात पर है कि बीजिंग की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।