रायपुर में आगामी जनवरी के प्रथम पखवाड़े में तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव होने जा रहा है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री निवास में एक बैठक हुई, जिसमें कुछ लेखक उपस्थित थे। सब ने अपने कुछ सुझाव रखे। मैंने भी तीन महत्वपूर्ण सुझाव रखे। मुझे लगता है यह समय की मांग है। साहित्य समाज का दर्पण होने के साथ-साथ उसका मार्गदर्शक भी होता है। समय के साथ समाज की चुनौतियां बदलती हैं, इसलिए साहित्य के विमर्शों का विस्तार होना भी स्वाभाविक और आवश्यक है। स्त्री और दलित विमर्श ने साहित्य को लोकतांत्रिक बनाया और हाशिए के स्वरों को केंद्र में लाया। इसी क्रम में अब कुछ लिख से हटकर विमर्श होने चाहिए जो कहीं ना कहीं हमारी पुरातन परंपरा से भी जुड़ता है। पहला है गौ विमर्श। अब तक गाय को मुख्य रूप से धार्मिक आस्था या राजनीतिक विवाद के चश्मे से ही देखा गया है, जिससे उसके वास्तविक अस्तित्व और पीड़ा का प्रश्न पीछे छूट गया। साहित्य में गौ-विमर्श को एक संवेदनशील, वैज्ञानिक और पारिस्थितिक धरातल पर लाना होगा। इसकी शुरुआत मैंने एक दशक पहले ‘एक गाय की आत्मकथा’ नामक उपन्यास लिखकर की थी। जब तक गाय दूध देती है, वह पूजनीय और उपयोगी है, लेकिन दूध देना बंद करते ही उसे सड़कों पर लावारिस छोड़ दिया जाता है। प्लास्टिक खाती, दुर्घटनाओं का शिकार होती और कंक्रीट के जंगलों में भटकती गाय आधुनिक समाज के स्वार्थी और उपभोक्तावादी चरित्र का सबसे क्रूर उदाहरण है। यह विमर्श मनुष्य की कृतघ्नता पर सवाल उठा सकता है। देसी नस्ल की भारतीय गायों का विलुप्त होना केवल एक पशु का संकट नहीं, बल्कि जैविक खेती, ग्रामीण स्वावलंबन और पारिस्थितिकी तंत्र के बिगड़ने का भी संकेत है। साहित्य इस गहरे अंतर्संबंध को रेखांकित कर सकता है। दूसरा विमर्श हो जनजातीय समाज पर। पिछले कुछ वर्षों में लेखन बढ़ा है, लेकिन इसे महज ‘दया’ या ‘अतीत के गौरव’ तक सीमित न रखकर आधुनिक विकास की अंधी दौड़ के विकल्प के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है। आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संकट से जूझ रही है। जनजातीय समाज की जीवन-शैली, उनकी लोक-संस्कृति और प्रकृति के प्रति उनका समर्पण इस संकट का समाधान प्रस्तुत करता है। साहित्य को उनके इस ‘जीवन-दर्शन’ को मुख्यधारा के सामने लाना चाहिए। औद्योगीकरण और शहरीकरण की कीमत सबसे अधिक इसी समाज ने चुकाई है। अपनी ही जड़ों से उखड़ने की पीड़ा, भाषाओं के लुप्त होने का खतरा और उनकी अपनी शर्तों पर विकास की आकांक्षा को निरंतर स्वर मिलना चाहिए। राष्ट्र प्रेम पर भी विमर्श निरंतर होना चाहिए। वैश्वीकरण, उपभोक्तावाद और आभासी दुनिया के इस दौर में नई पीढ़ी का अपनी जड़ों और राष्ट्र के प्रति जुड़ाव कुछ कमजोर पड़ा है। लेकिन आज की पीढ़ी को केवल भावुक या आक्रामक नारों से नहीं जोड़ा जा सकता। साहित्य को राष्ट्रप्रेम की एक परिपक्व और रचनात्मक परिभाषा गढ़नी होगी। साहित्य को यह स्थापित करना होगा कि देशप्रेम केवल सीमा पर लड़ने या विशेष अवसरों पर झंडा फहराने तक सीमित नहीं है। अपने काम के प्रति ईमानदारी, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, करों का सही भुगतान और अपने देश की विविधता का सम्मान करना ही आधुनिक राष्ट्रप्रेम है। नई पीढ़ी तर्क और तथ्यों की भाषा समझती है। साहित्य यदि भारत की ज्ञान परंपरा, स्वतंत्रता संग्राम के अनकहे नायकों और सांस्कृतिक विरासत को बिना किसी अतिशयोक्ति के, रोचक और तार्किक ढंग से प्रस्तुत करे, तो युवाओं में स्वाभाविक रूप से देश के प्रति गौरव और अपनत्व का भाव जागेगा। यदि हम उक्त तीनों बिंदुओं को एक सूत्र में पिरोएं, तो यह संपूर्ण सह अस्तित्व का ही विमर्श बनता है, जहां मनुष्य का प्रकृति, मूक प्राणियों और अपनी मातृभूमि के साथ एक संवेदनशील, कृतज्ञ और जिम्मेदार रिश्ता हो। हिंदी साहित्य यदि इन विषयों को उपदेशात्मक शैली के बजाय गहरी मानवीय संवेदना और कलात्मक ऊंचाई के साथ उठाता है, तो यह निश्चित रूप से एक नए युग का सूत्रपात करेगा। मुझे लगता है, यह अपने किस्म का साहित्यिक-नवाचार होगा।
साहित्य के कुछ नए विमर्श- गिरीश पंकज
Follow Us
