पेड़ के नीचे बारिश से बचने की कोशिश पड़ी भारी, आकाशीय बिजली की चपेट में किसान की मौत

Follow Us

कांकेर। दुर्गूकोंदल क्षेत्र के ग्राम गुडफेल में आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामसिंह मंडावी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, रामसिंह मंडावी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से रामसिंह गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने परिजनों और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।