रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम मेहरबान है। अपने अंतिम पड़ाव में भी मानसून एक्टिव है। रायपुर समेत कई जिलों में बीते दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हल्की मध्यम बारिश हो रही है। इस दौरान कई जिलों में मूसलाधार वर्षा भी हुई। भारी बारिश होने से प्रदेश के बस्तर जिले, सुकमा और बीजापुर जिले में 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। इन जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) ने कलेक्टर के निर्देश पर आदेश जारी किए हैं। सरकारी, निजी और अर्धशासकीय सभी स्कूलों में 25 सितंबर को अवकाश रहेगा।
शिकायतकर्ता पिंकी पर ही पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब के साथ हुई गिरफ्तारी
बस्तर में बंद रहेंगे स्कूल:
बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश को लेकर 25 सितंबर को सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किये गये हैं। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल की ओर से जारी आदेश में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बस्तर जिले में 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। बाद में परीक्षा की नई तारीख की सूचना दी जायेगी।
बीजापुर: सभी स्कूल 25 सितंबर को बंद:
बीजापुर जिले में 25 सितंबर को प्राथमिक, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अवकाश रहेगा। मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। स्कूल बंद रहने के कारण 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षाओं की तारीख में भी बदलाव किया गया है। मिडिल और माध्यमिक स्तर की 25 सितंबर को निर्धारित परीक्षा 28 सितंबर 2026 को तय समय पर होगी। हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा एक अक्टूबर को होगी।
सुकमा के स्कूलों में आज अवकाश:
पिछले तीन दिनों से सुकमा जिले में लगातार बारिश हो रही है। इस वजह से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। कलेक्टर ने अतिवृष्टि को देखते हुए 25 सितंबर को एक दिन के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है। लगातार बारिश के चलते जिले में आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश नहीं करने का अनुरोध किया गया है।
गणेश विसर्जन के बीच बढ़ा विवाद: प्रशिक्षु डीएसपी से भिड़े युवक, छह गिरफ्तार


